enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या....

किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या....

नरसिंहपुर(ईन्यूज एमपी)- पुलिया निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनके एक साथी कमलेश पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नरसिंहपुर के गोटेगांव तहसील के बिछिया गांव के पास गुरुवार शाम की है।

दोनों को सामुदायिक अस्पताल गोटेगांव लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया। मेडिकल में डॉक्टरों ने राय की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में बिछिया गांव के अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित विक्रम सिंह फरार है।

घटना को लेकर बताया जाता है कि प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र राय ठेकेदारी करते थे, वह अपने साथी कमलेश के साथ गुरुवार शाम बिछिया गांव में पुलिया निर्माण कार्य के सिलसिले में पहुंचे थे। यहां पर पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर विक्रम सिंह और अजय सिंह से उनका विवाद हो गया।



इसके बाद आरोपितों ने सुरेंद्र राय पर दो व कमलेश के ऊपर एक फायर कर दिया। राय को सीने में व हाथ में गोली लगी, कमलेश का बायां हाथ जख्मी हो गया। जब राय और पाठक पर गोली चलते हुए एक स्थानीय बुजुर्ग ने देखा तो उसने मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर दोनों घायलों को सामुदायिक अस्पताल लाकर भर्ती कराया। घटना की खबर जैसे ही गोटेगांव के लोगों को हुई तो अस्पताल में समर्थकों की भीड़ बढ़ गई।



बीएमओ डॉ. एसएस ठाकुर ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस थाने को दी और सुरक्षा के लिए बल बुलवा लिया, जिससे कहीं कोई विवाद की स्थिति न रहे। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जब उन्हें जबलपुर रेफर किया गया तो मेडिकल कॉलेज में कांग्रेस नेता राय को मृत घोषित कर दिया गया।



कांग्रेस का नगर बंद

घटना के विरोध में गुरुवार की रात कांग्रेस की ओर से नगर बंद का आह्वान करने मुनादी कराई गई। कांग्रेस शुक्रवार को नगर बंद कराकर घटना का विरोध करेगी।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार