भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश में निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां रद्द करने बाद नई सरकार ने शुक्रवार को नगरीय निकायों में तैनात एल्डरमैन की नियुक्तियां रद्द कर दीं। इससे लगभग एक हजार एल्डरमैन प्रभावित होंगे। इसके लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने दो अलग-अलग आदेश जारी किए। इसका सीधा असर भाजपा नेताओं पर पड़ना तय है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि सरकार जल्दबाजी में राजनीतिक प्रतिशोध में निर्णय ले रही है। अभी यहां तैनात थे एल्डरमैन- प्रदेश में 16 नगर निगम, 98 नगर पालिका और 264 नगर परिषद हैं। प्रत्येक नगर निगम में छह, नगर पालिका में चार और नगर परिषद में दो एल्डरमैन नियुक्त किए जा सकते हैं। अधिकतर निकायों में अधिकतम एल्डरमैन नियुक्त थे। वर्तमान में प्रदेश की प्रमुख नगर निगमों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर में छह और जबलपुर में पांच एल्डरमैन थे।