enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश इनकम टैक्स अधिकारी को 40 हजार रिश्वत लेते C.B.I. ने किया गिरफ्तार.....

इनकम टैक्स अधिकारी को 40 हजार रिश्वत लेते C.B.I. ने किया गिरफ्तार.....

भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- सीबीआई ने राजगढ़ की जिला आयकर अधिकारी श्रीजा अनिल कुमार को 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आयकर से जुड़े एक मामले को रफा-दफा करने के एवज में एक कियोस्क संचालक से रिश्वत ली जा रही थी। श्रीजा ने 1 लाख की रिश्वत मांगी थी। रकम नहीं देने पर 3 लाख तक का टैक्स जमा करने की धमकी दी थी।

सीबीआई की कार्रवाई देर रात चलती रही, इस दौरान टीम ने ड्राइवर, इंस्पेक्टर और सहायक अधिकारी से भी पूछताछ की। वहीं, घर की भी तलाशी ली जा रही है। सीबीआई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नही हैं। आयकर अधिकारी ने भी चुप्पी साध रखी है। फिलहाल, सीबीआई की टीम अधिकारी को गिरफ्तार कर राजगढ़ से भोपाल के लिए रवाना हो गई है।

सीबीआई भोपाल से की शिकायत : आयकर अधिकारी के रिश्वत मांगे जाने पर रिकियोस्क संचालक महेश शर्मा ने सीबीआई से शिकायत कर दी। इसके बाद सीबीआई ने आयकर अधिकारी को पकड़ने की योजना बनाई और श्रीजा अनिल कुमार को 40,000 रुपए लेते हुए पकड़ लिया। सीबीआई ने आयकर अधिकारी के अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी है।

आयकर रिटर्न फाइल जमा करने पर निकाली 3 लाख की रिकवरी : महेश शर्मा नरसिंहगढ़ में कियोस्क चलाते हैं। जब उन्होंने अपनी आयकर रिटर्न की फाइल जमा की तो जिला आयकर अधिकारी श्रीजा अनिल कुमार ने महेश को बुलाया ओर उन पर 3 लाख की रिकवरी निकाल दी। श्रीजा ने कहा- अगर रिकवरी से बचना है तो 1 लाख की रिश्वत दे दो।

जेल भेजने की धमकी दी : महेश कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सीए से राय लेकर श्रीजा कुमार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन श्रीजा ने महेश को जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद महेश शर्मा ने श्रीजा से कुछ दिन की मोहलत मांगी और फिर शनिवार को सीबीआई से शिकायत कर दी। टीम सोमवार को देर रात राजगढ़ पहुंची और पहले सर्चिंग की।

सीबीआई की तय कार्रवाई के मुताबिक, महेश शर्मा ने जिला आयकर अधिकारी श्रीजा अनिल कुमार को 1 लाख की रिश्वत के बजाए पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपए दिए। श्रीजा ने जैसे ही ये पैसा लिया, सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम में 2 महिलाएं भी थीं।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार