भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- सामान्य, पिछड़ा, अल्पसंख्यक वर्ग संस्था (सपाक्स) समाज की क्रांति सभा कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड पर शुरू हो गई है। सभा में शामिल होने हजारों लोग रैली की शक्ल में पहुंचे। सभा में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पहुंचे। इंदौर, खरगोन और धार से महिला और पुरुष काले कपड़े पहनकर आए। करणी सेना की महिलाएं राजस्थानी परिधान में रैली में पहुंची। बड़ी संख्या में रैली में पहुंचे लोगों को देखकर पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ी।
सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव- सपाक्स के संरक्षक पूर्व आईएएस हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने रैली को फ्लाप करने के लिए भोपाल आने वाली 17 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इसके पीछ उनकी मंशा लोग रैली में भाग नहीं ले पाए। इसके बावजूद भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। पूरा मैदान गाड़ियों से भर गया है। सपाक्स चुनाव लड़ेगी। चुनाव आयोग में पार्टी के रजिस्ट्रेशन की तैयारी चल रही है। हमारा एजेंडा एक ही है। हम समाज में भेदभाव खत्म करना चाहते हैं। हमारा संगठन प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा
सभा में भाग लेने आए करणी सेना के संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजपूत करणी सेना सपाक्स को हर तरह का समर्थन करेगी। हम इंसानियत और बराबरी की बात कर रहे हैं। जो हमारी बात नहीं करेगा वो मध्यप्रदेश पर राज नहीं करेगा।
70 संगठऩों के सदस्य आए: सभा में सामान्य, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग के 70 से ज्यादा संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। सपाक्स समाज के संरक्षक एचएल त्रिवेदी, युवा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक सोनी एवं प्रवक्ता मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 51 जिलों से लोग आए हैं।