enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश चुनाव कराने से पहले कलेक्टर देंगी परीक्षा, पास होना भी जरूरी

चुनाव कराने से पहले कलेक्टर देंगी परीक्षा, पास होना भी जरूरी

जबलपुर(ईन्यूज एमपी)-निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले इसे संपन्न कराने वाले अफसरों की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी यानी कलेक्टर छवि भारद्वाज को भी इस परीक्षा से गुजरना होगा। न केवल उन्हें परीक्षा में शामिल होना पड़ेगा, बल्कि इसे पास करना भी जरूरी होगा। 28 अगस्त को जिला निर्वाचन अधिकारियों की परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा की तैयारी करने कलेक्टर खुद आयोग के पूरे सिस्टम व नियमों को पढ़ और समझ रही हैं। इससे पहले अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की परीक्षा हो चुकी है।

चुनाव और प्रक्रिया से जुड़े सवाल आएंगे

कलेक्टर ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों से किसी भी तरह का सवाल किया जा सकता है। इसलिए हर नियम व सेटअप की जानकारी होना जरूरी है। परीक्षा में पास होना अनिवार्य है, जिसके लिए निर्धारित नंबरों का मानक तय किया गया है। इसके लिए मतदान से पहले की प्रक्रिया, मतदान वाले दिन और फिर मतगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी होना चाहिए।

कुछ को देनी पड़ी दोबारा परीक्षा

पहली बार आयोजित डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदारों की परीक्षा में कई फेल हो गए थे। ऐसे अधिकारियों को दूसरी बार आयोजित परीक्षा में बैठने का मौका मिला। हालांकि दूसरी बार में सभी पास हो गए। यदि फेल होते तो उन्हें दिल्ली जाकर आयोग कार्यालय में परीक्षा देनी पड़ती।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार