ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)-नादरिया की माता मंदिर के पास गणेश विहार कॉलोनी में वृद्ध दंपति की घर में ही करंट लगने से मौत हो गई। वृद्ध दंपति की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए, लेकिन घर के गेट से हाथ लगाते ही वह भी दूर हट गए। क्योंकि गेट में भी करंट आ रहा था। कुछ पड़ोसियों व रिश्तेदारों का कहना था कि 55 साल की सुलभा सालकड़े शुक्रवार की दोपहर बिजली के तार के पास गीले कपड़े सुखाने के लिए डाल रही थीं। तभी उन्हें करंट लग गया। पत्नी की चीख सुनकर पूजा पाठ छोड़कर बचाने आए पति विलासराव भी करंट की चपेट में आ गए। करंट के झटके से दंपति एक्टिवा पर जाकर गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि पहले विलासराव को वॉशिंग मशीन ठीक करते समय करंट लगा। पूजा छोड़कर पत्नी बचाने के लिए आई तो उन्हें भी करंट लग गया। वृद्ध दंपति लोगों को एक्टिवा पर पड़े मिले। दोनों को करंट कैसे लगा, किसी को नहीं पता है। माधवगंज थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। नादरिया की माता गुढ़ा में गणेश विहार कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय विलासराव सालकड़े एक साल पहले स्वास्थ्य विभाग से रिटायर हुए थे। विलासराव लैब टैक्नीशियन के पद पर पदस्थ थे। विलासराव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा गुजरात के भरूच में नौकरी करता है। छोटा बेटा गुरुवार को ही दोस्तों के साथ दिल्ली गया है। गीले कपड़े तार पर डालते समय लगा करंट शुक्रवार की सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। उनकी वॉशिंग मशीन खराब पड़ी है। दोपहर करीब 12 बजे सुलभा कपड़े धोने के बाद प्लास्टिक की बाल्टी लेकर आंगन में ही कपड़े सुखाने के लिए तार पर डाल रही थीं। नजदीक से ही एक तार जा रहा था। लोगों का कहना है कि यह तार अर्थ के लिए लगा रखा था। अचानक करंट लगने से वृद्धा के मुंह से चीख निकल गई। पत्नी की चीख सुनकर वृद्ध उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन अर्थ के लिए डाला गया तार विलासराव के शरीर से लिपट गया, जिससे उनकी कमर, पेट व हाथ भी करंट लगने से झुलस गए। दोनों वृद्ध करंट के झटके से एक्टिवा के ऊपर आ गिरे। लोहे के दरवाजे में भी आ रहा था करंट वृद्ध दंपति की चीख सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े। घर के सामने रहने वाली महिला सबसे पहले वृद्ध दंपति के दरवाजे पर पहुंची। महिला को लोहे के दरवाजे से करंट का झटका लगते ही पड़ोसी वहीं रुक गए। सबसे पहले मीटर से बिजली का कनेक्शन काटा। उसके बाद खंभे से बिजली आपूर्ति बंद की गई। पड़ोसियों का कहना था कि अंदर लगा लोहे का गेट बंद था। गेट खोलकर अंदर पहुंचे। वृद्ध दंपति एक्टिवा के पास मृत पड़े थे। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। वृद्ध दंपति की मौत होने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पहले वृद्ध को लगा करंट पुलिस का कहना है कि विलासराव खराब पड़ी वॉशिंग मशीन ठीक कर रहे थे। सबसे पहले उन्हें करंट लगा। पत्नी उन्हें बचाने के लिए पहुंची तो उन्हें भी करंट लग गया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। मौके पर खराब वॉशिंग मशीन भी खुली पड़ी थी। तार के नीचे एक प्लास्टिक की बल्टी रखी थी, जिसमें गीले कपड़े थे। एक-दो कपड़े तार पर पड़े थे। घटना की वास्तविकता का पता लगाने के लिए माधवगंज थाना पुलिस जांच कर रही है। छोटा बेटा गुरुवार को ही दिल्ली गया- रिश्तेदारों ने बताया कि रिटायर्ड होने के बाद वृद्ध दंपति घर-परिवार से बेफिक्र थे। क्योंकि बड़े बेटे निशांत की शादी हो चुकी है और वह गुजरात के भरूच में प्राइवेट फर्म में नौकरी करता है। छोटा बेटा चेतन भी नौकरी करता है। अभी उसकी शादी नहीं हुई है। वह माता-पिता के साथ ही रहता है। गुरुवार को वह दिल्ली घूमने के लिए गया है। दोनों बेटों को माता-पिता की मौत की सूचना मिल गई है।