उज्जैन(ईन्यूज़ एमपी)- महाकालेश्वर मंदिर के भस्मारती गेट के पास फोटो फ्रेम की दुकान लगाने वाले युवक ने शनिवार रात दर्शन के लिए आए दंपती पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें पति की मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से घायल है। दो दिन पूर्व दंपती के 8 वर्षीय बेटे के हाथ से फोटो फ्रेम गिरकर टूट गई थी। इस पर विवाद हुआ था। शनिवार को दंपती महाकाल दर्शन के लिए आए और फिर आमना-सामना हो गया था। इस पर आरोपित ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा निवासी विष्णु पिता रमेशचंद्र पांचाल (35) पत्नी पूजा व 8 वर्षीय बेटे अंशु के साथ दो दिन पूर्व महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए आया था। यहां भस्मारती गेट के पास महाकाल के फोटो बेचने वाले अमित त्रिवेदी की दुकान पर अंशु के हाथ से फोटो फ्रेम गिर गई थी। इससे कांच फूट गया था। इस पर अमित और पूजा के बीच विवाद हुआ था। अमित ने महिला पर हाथ उठा दिया था। शनिवार को पूजा पति विष्णु के साथ दर्शन के लिए पहुंची थी। इस दौरान उनका अमित त्रिवेदी से फिर विवाद हुआ। इस पर अमित ने चाकू से विष्णु के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूजा के सिर में चाकू लगने से वह गंभीर घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अमित त्रिवेदी के परिजन को हिरासत में ले लिया। वहीं उसकी तलाश की जा रही है। विष्णु हरिफाटक पुल के समीप मोटर वाइंडिंग की दुकान संचालित करता था।