इंदौर(ईन्यूज एमपी)- चिड़ियाघर में सबके चेहते 14 महीने का शेर सुल्तान की बुधवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उसे दो दिन पहले पैरालिसिस अटैक आया था। इसके बाद वह चल नहीं पा रहा था। उसने दो दिन से खाना भी छोड़ रखा था। उसके ब्लड और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट आना थी। चिड़ियाघर कर्मचारियों से वह इतना घुल-मिल गया था कि इशारा करने या आवाज लगाने पर वह उनके पास आ जाता था। चिड़ियाघर कर्मियों के अनुसार बुधवार सुबह 7.30 बजे सुल्तान अचानक गिर गया और कांपने लगा। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। उसके पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी की गई। उसके सभी अंग सील किए जाने के बाद चिड़ियाघर में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। शेरों की औसत उम्र 10 से 14 साल मानी जाती है। सुल्तान का जन्म बब्बर शेर के जोड़े मेघा और आकाश से हुआ था। चिड़ियाघर में अब 11 शेर हैं। इनमें 7 मेल और 4 फीमेल है। इनमें से सुंदरी और बिजली को एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जापान भेजा जा रहा है। हार्ट में मिले ब्लॉकेज चिडियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि दो दिन पहले हुए रुटीन चेकअप में सुल्तान को लकवा होने की बात सामने आई थी। उसे चलने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद वह बैठ गया था और उसे खड़े होने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद चिड़ियाघर प्रबंधन ने वेटरनरी कॉलेज के डॉक्टरों से भी सलाह ली और उपचार किया जा रहा था। एक ही दिन में उसमें सकारात्मक बदलाव भी दिखा था। पोस्टमार्टम में हार्ट ब्लॉकेज मिले हैं। सभी तथ्य की जांच और सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थित स्पष्ट होगी। अभी हार्ट ब्लॉक होने से मौत की बात सामने आ रही है।