उज्जैन(ईन्यूज़ एमपी)- भगवान श्री महाकालेश्वर आज अपने चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में नगर भ्रमण पर प्रजा का हाल जानने निकले। श्रावण मास में सोमवार को यह महाकाल की दूसरी सवारी थी। भक्तों को भगवान महाकाल के दो रूप में दर्शन हुए। राजाधिराज चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर तथा हाथी पर मनमहेश रूप में सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। शाही ठाठबाट के साथ शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर से सवारी शुरू हुई। दोपहर करीब 3.30 बजे मंदिर के सभा मंडप में भगवान के चंद्रमौलेश्वर रूप का पूजन हुआ। इसके बाद सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।