ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)- शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी का दावा करने वाली पुलिस के जवानों के घर खुद सुरक्षित नहीं हैं। मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात चोर गिरोह ने तिघरा स्थित पुलिस कॉलोनी में दो जवानों के घरों के ताले चटका दिए। चोर घरों से जेवर-नकदी सहित करीब दो लाख रुपए का सामान ले गए हैं। घटना के समय दोनों जवान नाइट शिफ्ट पर थे। चोरी का पता बुधवार सुबह जवानों के घर पहुंचने पर लगा। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। तिघरा थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कॉलोनी में आरक्षक मनोज पुत्र केशव सिंह तोमर रहते हैं, जो तिघरा थाने में पदस्थ हैं। मंगलवार रात 2 बजे से मनोज की थाने में गेट पर संतरी के स्थान पर ड्यूटी थी। इस समय उनकी फैमिली बाहर गई हुई है। जिस समय वे ड्यूटी कर रहे थे, ठीक उसी समय चोर गिरोह ने पुलिस कॉलोनी में उनके घर के ताले चटका दिए। घर के अंदर घुसकर चोर साढ़े पांच हजार रुपए नकद, तीन तौला सोना व चांदी चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने मनोज के घर के पास ही रहने वाले आरक्षक आनंद पुत्र रामकुमार सिकरवार के घर को निशाना बनाया। यहां से भी चोर नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। आनंद भी पुलिस जवान है और अभी तिघरा की डायल 100 में तैनात है। घटना के समय उनका भी परिवार यहां नहीं था और वे रात को ड्यूटी पर थे। घटना का पता उन्हें बुधवार सुबह लगा। पुलिस ने घटना स्थल की जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।