भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश कांगे्रस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांगे्रस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल, कोलारस के विधायक महेन्द्र सिंह यादव, प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने भारतीय जनता पार्टी के झूठ का पर्दाफाश करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया है कि वे कांग्रेस और कांगे्रस के नेताओं से भयभीत होकर असत्य और अनर्गल प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विगत् दो दिनों से सोशल मीडिया पर कोलारस के दिवंगत कांगे्रस विधायक स्वर्गीय रामसिंह यादव का एक वीडियो भाजपा द्वारा वायरल किया जा रहा है, जिसमें स्वर्गीय श्री यादव को ब्रजकिशोर शर्मा के रूप में दर्शाकर ऐसा असत्य रूप से प्रचारित किया जा रहा है कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कथित तौर पर ब्रजकिशोर शर्मा के रूप में ब्राम्हण का अपमान किया है। दिवंगत विधायक रामसिंह यादव के पुत्र एवं वर्तमान कोलारस के विधायक महेन्द्रसिंह यादव ने कहा कि वे स्वयं उस समय मंच पर मौजूद थे, जिस समय का यह वीडियो है। और सांसद सिंधिया स्वर्गीय रामसिंह यादव को एक पारिवारिक बुजुर्ग के नाते जो आदर और सम्मान करते थे एवं रामसिंह दादा के अस्वस्थ होने की जानकारी श्री सिंधिया को थी, इसलिए उन्होंने रामसिंह दादा से आग्रहपूर्वक मंच से उतर जाने के लिए निवेदन किया था और उन्होंने कहा था कि दादा आप मंच पर ना आयें अपितु घर जाकर विश्राम करें एवं दिल्ली जाकर उपचार करायें। उस समय भी इस वीडियो का दुष्प्रचार भाजपा द्वारा करने पर रामसिंह दादा ने स्वयं इस दुष्प्रचार का खंडन किया था। विधायक महेन्द्र यादव ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के लोग आगामी चुनाव में अपनी पराजय को लेकर चिंतित है और इसलिए दुष्प्रचार की मंशा से कांगे्रस के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेद है कि मेरे पिता के नाम को किन्ही ब्रजकिशोर शर्मा के नाम से प्रस्तुत करके भाजपा इस वीडियो के माध्यम से जातीय विद्वेष उत्पन्न करने का घिनौना राजनीतिक खेल खेल रही है। इस अवसर पर विधायक महेन्द्र यादव ने यह भी कहा कि इस सारे मामले की शिकायत करने के लिए साईवर थाने भी जा रहे हैं।