भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश कार्यकरिणी, जिला अध्यक्षों और विधानसभा क्षेत्र समन्वयकों के सम्मेलन में कहा कि सोशल मीडिया में आपको खुद क्रियेटिव होकर अपने ग्रुप बनाना है। यह देखना है कि हमारी कितनी रीच होगी। हमें जनपद व पंचायत स्तर तक जाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सोशल मीडिया के माध्यम से उसी की भाषा में जबाव देना है। डरने और घबराने की जरूरत नहीं है। चार महीने बाद हम इन्हें घर भिजवायेंगे। यदि आप अपनी रचनात्मकता के साथ जुट गये तो चार महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस का झंडा लहरायेगा। श्री नाथ ने कहा कि भाजपा वाले राष्ट्रवाद की बात करते हैं। वे बेरोजगारों, किसानों और महिलाओं की बात नहीं करते। वे लोग हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने आयें हैं, जिनकी पार्टी का स्वतंत्रता संग्राम में लेश मात्र भी योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनायी है। व्यापमं कांड ने परिवार के परिवार बर्बाद कर दिये और ये लोग हमें राष्ट्रवाद की बात सिखाते हैं। भाजपा कलाकारी की राजनीति करती है और मूल मुद्दों से जनता का ध्यान मोड़ने और गुमराह करने का काम करती है। कमलनाथ ने कहा कि जब राजीव जी 21 वीं सदी में कम्प्यूटर युग की परिकल्पना करते थे, तब लोग इसे हल्के ढंग से लेते थे। लेकिन इस काम को करने की उनकी जिद थी। उनकी दुनिया कुछ और थी, आपकी दुनिया बिल्कुल अलग है। मैं पूछना चाहता हूं कि आपकी आईटी की दुनिया की शुरूआत कहां से हुई, यह राजीव जी से हुई है। इसलिए हमने मीडिया विभाग के प्रतिनिधियों को राजीव के सिपाही नाम दिया। श्री नाथ ने इस अवसर पर कांग्रेस की वेबसाईट भी लांच की। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने अपने उदबोधन में सोशल मीडिया पर तथ्यों के आधार पर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया हमे अपनी बात सोशल मीडिया पर कैसे रखनी है और कैसे उसे प्रभावी बनाना है। उन्होंने सोशल मीडिया टीम को पार्टी की रणनीति के अनुरूप अपनी कार्यशैली तैयार करने को कहा। सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश प्रभारी सुश्री रुचिरा चतुर्वेदी ने अपने उदबोधन में पदाधिकारियों को अपने काम मे तेजी लाने, बूथ स्तर तक अपनी टीम तैयार करने की बात कही। आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश समन्वयक डॉ धर्मेन्द्र वाजपेयी ने बताया कि प्रदेश में ब्लाक स्तर तक लगभग पांच हजार राजीव के सिपाही की तैनाती की जायेगी जो सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस का काम करेंगे और भाजपा की सच्चाई जनता के सामने उजागर करेंगे। बूथ समन्वयक भी नियुक्त किये जायेंगे। मोबाइल एप्लीकेशन और कंटेंट डिजीटल लायब्रेरी भी जल्द ही लांच की जायेगी।पहले संभाग स्तर पर, फिर सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जायेगा। आईटी एवम सोशल मीडिया सेल के प्रदेश सह-समन्वयक अभय तिवारी ने कंटेंट और स्ट्रेटेजी पर अपना उदबोधन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कार्य करने हेतु भविष्य की रणनीति पर विस्तार से बात की। भूपेंद्र गुप्ता ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर विस्तार से बात रखी, अभिनव बारोलिया ने संगठन स्तर पर कार्य करने की रूपरेखा बताई।