enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश किसानों को बंटेगा 5300 करोड़ रु का फसल बीमा, बैंक काट लेगा कर्ज की राशि ......

किसानों को बंटेगा 5300 करोड़ रु का फसल बीमा, बैंक काट लेगा कर्ज की राशि ......

भोपाल (ईन्यूज एमपी)। बीते साल सूखे की वजह से बर्बाद फसलों के नुकसान की भरपाई प्रदेश सरकार फसल बीमा से करेगी। खरीफ 2017 के लिए 17 लाख 17 हजार किसानों को 5 हजार 300 करोड़ रुपए से ज्यादा का बीमा दिया जाएगा। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने कर्म क्षेत्र विदिशा से पांच जुलाई को करेंगे।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होने के बाद किसी प्रदेश में एक सीजन में वितरित होने वाली यह सबसे बड़ी राशि है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2016 में मप्र के सीहोर के शेरपुरा गांव से प्रानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की थी। खरीफ 2016 में 1 हजार 880 करोड़ रुपए का बीमा किसानों को मिल चुका है। पिछले साल अल्पवर्षा की वजह से किसानों की खरीफ फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई थीं। इसे देखते हुए सरकार ने किसानों को सूखा राहत के तहत आर्थिक मदद तो की ही, बीमा के दावों को भी तेजी के साथ फाइनल कराया।

जिन जिलों में बोवनी और बीमा के लिए दर्ज रकबे में अंतर आ रहा था, उसे दूर कराकर फसल कटाई प्रयोग समय पर दर्ज कराए। इसका नतीजा यह हुआ कि खरीफ सीजन की शुरुआत में ही किसानों को बीमा की रकम मिलना तय हो गया। मुख्यमंत्री पांच जुलाई से बीमा राशि के वितरण की शुरुआत करेंगे और 20 जुलाई तक सभी किसानों को राशि मिल जाएगी।

बैंक काट लेंगे अपना कर्ज

फसल बीमा की राशि बीमा कंपनियां संबंधित बैंक में जमा कराएंगी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अपने कर्ज की वसूली इस राशि से करेंगे और शेष राशि किसान के खाते में जमा हो जाएगी। योजना के दायरे में चार लाख से ज्यादा अऋणी किसान भी हैं। इन्होंने सहकारी बैंकों से ऋण नहीं लिया पर फसल का बीमा कराया था।

किसानों ने जमा किए थे 450 करोड़ रुपए

फसल बीमा योजना में प्रीमियम के तौर पर किसानों ने 450 करोड़ रुपए जमा किए थे। एक हजार 50 करोड़ रुपए राज्य सरकार ने और इतनी ही राशि केंद्र सरकार ने अपने अंश के तौर पर बीमा कंपनियों को दी थी। कुल मिलाकर 2 हजार 550 रुपए बीमा के जमा हुए और अब किसानों को 5 हजार 300 करोड़ रुपए मिलेंगे। कृषि विभाग के अकिारियों ने बताया कि बीमा की राशि फसल के रकबे के हिसाब से मिलेगी। इसमें किसी को कम तो किसी को ज्यादा राशि मिलेगी। कुल राशि और किसानों की संख्या के हिसाब से औसतन 19 हजार रुपए एक किसान को मिलेंगे।

किस जिले के हिस्से कितनी आएगी राशि

जिला - राशि (रुपए में)

- उज्जैन - 570 करोड़

- देवास - 552 करोड़

- राजगढ़, विदिशा, सीहोर, इंदौर, शाजापुर और बैतूल - 300 करोड़ से ज्यादा

- सागर - 242 करोड़

- धार, खंडवा, रायसेन, हरदा - 100-100 करोड़ से अधिक

बीमा राशि का रिकॉर्ड मप्र के नाम

प्रमुख सचिव कृषि डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होने के बाद सर्वाधिक बीमा राशि किसानों को दिलाने वाले राज्य का रिकॉर्ड मध्यप्रदेश के नाम है। जब राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना थी, तब भी खरीफ 2015 में सर्वाधिक 4 हजार 660 करोड़ रुपए की राशि प्रदेश के किसानों को ही मिली थी।

Share:

Leave a Comment