enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश तीन करोड़ के इनामी नक्सली नेता गणपति की तलाश में अबूझमाड़ में उतरेगी फोर्स.....

तीन करोड़ के इनामी नक्सली नेता गणपति की तलाश में अबूझमाड़ में उतरेगी फोर्स.....

रायपुर(ईन्यूज एमपी)- नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के महासचिव व तीन करोड़ के इनामी गणपति उर्फ मुप्पला लक्ष्मण राव की तलाश में फोर्स छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के जंगलों में उतरेगी। उसके अबूझमाड़ में छिपे होने की संभावना के तहत विशेष रणनीति तैयार की गई है। अबूझमाड़ के जंगल बेहद दुरूह हैं।

वहां सड़कें और संचार माध्यमों का अभाव है। यहां तक कि पानी के लिए कोई हैंडपंप या कुआं तक नहीं है। इन्हीं परिस्थतियों का फायदा उठाकर नक्सलियों ने वहां अपना ठिकाना बना रखा है। यहीं गणपति का ठिकाना बताया जा रहा है।

गणपति की तलाश पिछले चालीस वर्षों से कई राज्यों की पुलिस और एनआइए कर रही है। उसपर विभिन्न् राज्यों में तीन करोड़ का इनाम है। एनआइए ने उसके बारे में कोई भी सूचना देने पर अलग से डेढ़ करोड़ रुपये इनाम देने का एलान कर रखा है लेकिन गणपति पकड़ में नहीं आ रहा है। करीब 70 साल का गणपति 2004 से नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का चीफ बना हुआ है।

पिछले दिनों खबर आई थी कि गणपति बीमार है और उसने अपनी कमान सेंट्रल कमेटी में नंबर दो की हैसियत रखने वाले मिलिट्री कमीशन के चीफ नंबला केशव राव उर्फ बासवराजू को दे दी है। इंटेलीजेंस सूत्रों का अनुमान है कि अबूझमाड़ में नक्सलियों ने किसी पहाड़ पर ऑपरेशन कमान बना रखा है। वहीं गणपति भी मौजूद है।

गणपति बिहार, झारखंड, ओड़िशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल में सक्रिय रहा है। उसके बारे में सूचना है कि वह कभी स्कूल शिक्षक तो कभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता बनकर झारखंड और बिहार में सक्रिय रहा। बड़ी नक्सल घटनाओं की प्लानिंग वही बनाता है। बस्तर, ओड़िशा, तेलंगाना से लेकर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली तक विस्तृत दंडकारण्य के जंगलों में उसके मूवमेंट की पुष्टि कई बार हो चुकी है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार