ग्वालियर (ईन्यूज एमपी)- उप पंजीयक कार्यालय में पदस्थ महिला लिपिक के साथ उप पंजीयक और दलालों ने मारपीट कर दी। खुद को बचाने और अपनी सुरक्षा में महिला ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो सभी ने उनका मोबाइल छीन लिया। कुछ देर बाद उन्होंने वापस मोबाइल मिलने पर डायल 100 को कॉल किया। घटना बुधवार शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच न्यू कलेक्ट्रेट के पास स्थित उप पंजीयक कार्यालय की है। डायल 100 महिला लिपिक को लेकर विश्वविद्यालय थाने पहुंची। दूसरे पक्ष से काफी लोग थाने पहुंच गए। एक दूसरे पर आरोप लगाए। पुलिस ने महिला लिपिक की लिखित शिकायत को जांच में ले लिया है। विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र स्थित न्यू कलेक्ट्रेट के पास उप पंजीयक कार्यालय भाग-1 में श्वेता चंदेरिया बतौर लिपिक पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बुधवार शाम 4 बजे वह कार्यालय में बैठकर अपना काम पूरा कर रही थीं। तभी उप पंजीयक संजय सिंह के पास दलाल बलराम नायक और अन्य कुछ दलाल आए। इन लोगों ने मुझ पर कुछ कमेंट किए, जिसका मैंने विरोध किया। अक्सर ऑफिस में संजय सिंह के पास आए लोग मेरे साथ ऐसी ही हरकत करते हैं। पर जब मैंने विरोध किया तो दलाल बलराम नायक मेरा वीडियो बनाने लगा। जिस पर मैंने स्पष्ट शब्दों में मना करते हुए अपना मोबाइल निकालकर उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। तभी संजय सिंह और बलराम और उनके साथ अन्य लोगों ने मुझ पर हमला कर दिया। मेरा मोबाइल छीन लिया। मैंने शोर मचाया तो मोबाइल वापस दिया। जिसके बाद मैंने डायल 100 को कॉल कर दिया। पुलिस आई और मुझे थाने ले आई। मैं लगातार परेशान हूं। अभी शिकायत से पहले 2 मई को सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत कर चुकी हूं। पर यह लोग पावर वाले लोग है। इसलिए कोई मेरी नहीं सुन रहा है। श्वेता चंदेरिया, लिपिक उप पंजीयक कार्यालय