enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश उज्जैन : महाकाल के दर्शन कर जन आक्रोश रैली में शामिल हुए सिंधिया

उज्जैन : महाकाल के दर्शन कर जन आक्रोश रैली में शामिल हुए सिंधिया

उज्जैन(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में चुनावी सभाओं का शंखनाद करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज उज्जैन में कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की नाक में दम कर रखा है। कुशासन के चलते हर वर्ग और हर नागरिक परेशान है।

सिंधिया ने कहा कि अंधे लालच में सरकार ने आस्था के कुंभ को भ्रष्टाचार का कुंभ बना दिया। सिंहस्थ में हर स्तर पर भारी भ्रष्टाचार हुआ है। विज्ञापन के नाम पर छह सौ करोड़ रूपयों का घोटाला किया गया। भ्रष्टाचार की इतनी अति हो गई कि भगवान का पैसा भी पचा गये। अमेरिका में, जहां से कोई भी स्नान के लिए नहीं आया 180 करोड़ का विज्ञापन दिया गया। पांच हजार मटके 47 करोड़ में खरीदे गये। पांच करोड़ मूल्य की स्वास्थ्य सामग्री के लिए 60 करोड़ रूपये चुकाये गये। बनाये 40 हजार शौचालय, लिखे 90 हजार। एक सौ 50 रूपये का मटका 750 रूपये में खरीदा गया। चालीस रूपये में मिलने वाला मटका स्टेंड चार हजार रूपये में खरीदा गया। श्रद्धा के इस आयोजन को सरकार ने राजनैतिक आयोजन बना दिया और पांच हजार करोड़ के सिंहस्थ आयोजन में तीन हजार करोड़ का घोटाला कर डाला। जनता के पैसे का खुलेआम इस तरह दुरूपयोग किया।

सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में एक नहीं, दो नहीं, सैकड़ों घोटाले हैं। व्यापमं, सिंहस्थ, रेत जैसे घोटाले हैं। महिलाओं के हाल बेहाल हैं। भाजपा के नेता लाड़ली लक्ष्मी, कन्यादान, बेटी बचाओ का गुणगान करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि महिला अपराध में मध्यप्रदेश आज सबसे ऊपर है। प्रदेश के चारों कौनों में बलात्कार और महिलाओं की हत्याऐं हो रही हैं। आखिर कहां गईं हमारी इन्सानियत। ऐसे दुष्कर्मों से महिलाओं पर बीते मानसिक और भावनात्मक आघात की हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं।

Share:

Leave a Comment