ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने ग्वालियर प्रवास के दौरान आज सुबह अचलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख, समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पहुँचकर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके साथ पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। संभागीय कार्यालय पहुँचकर कार्यकर्ताओं से भेंट की। कार्यकर्ताओं ने राकेश सिंह का पुष्पहारों से स्वागत किया। संभागीय कार्यालय से राकेश सिंह ने केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर एवं प्रदेश शासन के मंत्री जयभान सिंह पवैया के निवास पहुँचकर उनसे सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री लालसिंह आर्य, नारायण सिंह कुशवाह, वेदप्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र बरूआ, राकेश जौदान, अभय चौधरी, राजेश सोलंकी, रणवीर सिंह रावत, विनोद जादौन, वीरेन्द्र जादौन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष नगर देवेश शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।