enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश हर कांग्रेसी घर पर कांग्रेस का झंडा जरूर लगायें - कमलनाथ

हर कांग्रेसी घर पर कांग्रेस का झंडा जरूर लगायें - कमलनाथ

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज यहां जिलों से आये युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारियों से कहा कि हम सबका लक्ष्य एक है और हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती समय की है। हमारे पास केवल 90 दिन बचे हैं। हमारा एक सूत्रीय कार्यक्रम है-चुनाव। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मठ कांग्रेसी अपने घर के ऊपर कांग्रेस का झंडा जरूर फहरायंे।
इस अवसर पर अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी ओनिका महरोत्रा, अभा महिला कांग्रेस आईटी सेल प्रभारी दिव्या स्पंदना, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्षगण रामनिवास रावत, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, सुरेन्द्र चौधरी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान, सेवादल के मुख्य संगठक योगश यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी और एनएसयूआई अध्यक्ष विपिन बानखेड़े ने भी संबोधित किया।
कमलनाथ ने युवा कांग्रेस से कहा कि राजनीति की इकाई अब गांव हो गई है। यह बड़ा राजनैतिक परिवर्तन है। आज हर वर्ग परेशान है। इतना आक्रोश है कि सब परिवर्तन के लिए तैयार हैं। इस अवसर को किसी भी कीमत पर हाथ से नहीं जाने देना है। अवसर को सीट में बदलने की रणनीति पर काम करना है। इस अवसर का फायदा उठाकर एक वैचारिक आग लगा देना है। आगे आपको कुछ कहने की जरूरत नहीं है। यह कमलनाथ के भविष्य का सवाल नहीं है। यह सवाल है मध्यप्रदेश और आपके भविष्य का।
कमलनाथ ने कहा कि लोगों को बार-बार बताना है कि आप तो ठगा गये। हर बार दोहरायें कि आप तो ठगा गये। हमारा मुकाबला उन लोगों से है, जिनकी कोई नीयत नहीं, जिनकी शराफत नहीं। आप खुद तय करें कि क्या करना है। उन्होंने कहा कि छह महीने तक कुछ पूछने की जरूरत नहीं है। हर वह चीज करें जो चुनाव जीतने के लिए जरूरी है। भाजपा को उनकी भाषा में जबाव देना जरूरी है। अपनी कार्ययोजना और रणनीति स्थानीय स्तर पर स्वयं बनायें। यह काम नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्र में सभी को करना है।
महिला कांग्रेस से उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को अपना सबसे मजबूत वोटर्स मानती है। आज महिलाओं का एक बड़ा वर्ग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उनके कहने पर शराब की दुकानें बंद नहीं की जाती, मंदिरों और स्कूल-कॉलेजों के पास शराब की दुकानें खुली हुई हैं। वहां अहाता बनाकर बैठकर पीने की उत्तम व्यवस्था है।
महिलाओं की इज्जत का ध्यान सरकार को नहीं है। इन परिस्थितियों में वे भाजपा से दूर होती जा रही हैं, यह राजनैतिक परिवर्तन है। ब्लाक स्तर तक महिलाओं को अपनी ताकत दिखाना होगी। श्री नाथ ने आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को उनका सम्मान वापिस मिलेगा।
एनएसयूआई से कमलनाथ ने कहा कि वे संकल्प लें कि प्रदेश के हर कॉलेज के बाहर गेट मीटिंग करें । हर दिल में बदलाव की आग लगानी है। इसकी रणनीति कल से ही शुरू करें। बदले हुए वातावरण को सीट में बदलने की रणनीति बनाना है। राजनैतिक भविष्य तभी सुरक्षित रहेगा, जब भाजपा को सत्ता से हटाया जाये। आप सभी उस संस्था से जुड़े हैं, जिसमें सभ्यता है, सिद्धांत है और विचार हैं।
कमलनाथ ने सेवादल के सिपाहियों से कहा कि कांग्रेस को जिताने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सेवादल ऐसा संगठन है जो बिना किसी गु्रपबाजी में रहकर सिर्फ कांग्रेस के लिए काम करता है।

Share:

Leave a Comment