इंदौर(ईन्यूज एमपी)-चेक पर नकली हस्ताक्षर कर दो भाइयों ने एक रिटायर्ड जज के खाते से 30 लाख रुपए निकाल लिए। दोनों आरोपित पीड़ित के परिचित हैं। बुढ़ापे में उनकी सेवा करने के बहाने आरोपितों ने रिटायर्ड जज का विश्वास जीता। इसके बाद उनके चेक चुराकर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। पलासिया टीआई डीएस येवले ने बताया कि साकेत नगर निवासी जय पिता दत्ताजी राव सिंहल की शिकायत पर अरण्य नगर के रितेश खनीवाल व उसके भाई सुनील के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। रिटायर्ड जज दत्ताजी राव 90 साल के थे। उनका देहांत हो चुका है। दोनों भाई उनकी सेवा के नाम पर घर आते-जाते थे। उनकी देखरेख करते थे। 2016 में आरोपितों ने उनकी चेक बुक से दो-तीन चेक निकाल लिए। उन पर रिटायर्ड जज के फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक में लगाए। इस तरह उन्होंने 30 लाख रुपए निकाल लिए। जब उनके बारे में परिजन को पता चला तो उन्होंने शिकायत की। दो साल तक जांच चली। रविवार को केस दर्ज किया।