भोपाल(ईन्यूज एमपी)- दिल से कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक लाख नई नौकरियों में भर्ती होगी। इसमें शिक्षकों के पदों में महिलाओं के लिये 50 प्रतिशत आरक्षण रहेगा। बाकि भर्तियों में भी महिलाओं के लिये आरक्षण रहेगा। महिला स्व-सहायता समूहों को और सशक्त बनाया जा रहा है। प्रदेश में कर्मचारी कल्याण के लिये संविदा व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिये नई नीति बनाई जा रही है। अध्यापकों और शिक्षकों की सेवा शर्तों और मानदेय को सम्मानजनक बनाया गया है। प्रदेश में केन्द्र के समान महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। प्रदेश में सातवें वेतनमान को लागू किया गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि अधिकारों के साथ कर्त्तव्यों पर भी ध्यान दें तथा प्रदेश को बेहतर बनाने के लिये काम करें। प्रमुख घोषणाएँ प्रदेश के पाँच अनुसूचित बहुल जिलों दतिया, छतरपुर, विदिशा, सतना और शाजापुर में 480 सीट क्षमता के पाँच नये कन्या ज्ञानोदय विद्यालय खोले जायेंगे। पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में शासकीय संस्थाओं के विद्यार्थियों की वार्षिक आय सीमा का बंधन समाप्त किया जायेगा। पहले यह आय सीमा तीन लाख रूपये वार्षिक थी। अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की वार्षिक आय सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 6 लाख रूपये की जायेगी। इन संस्थाओं के विद्यार्थियों को फीस नियामक समिति द्वारा निर्धारित फीस का भुगतान किया जायेगा। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को नि:शुल्क जाति प्रमाण पत्र दिये जाते हैं। इन सभी विद्यार्थियों को एक बार अब डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र दिये जायेंगे। उन्होंने आगामी 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पृथ्वी और पर्यावरण को बचाने, पेड़ लगाने की अपील की। आगामी 30 अप्रैल को जल संसद का आयोजन कर नदियों को बचाने के कार्यक्रम तय किये जायेंगे।