भोपाल(ईन्यूज एमपी)- चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही एक महिला का पैर फिसल गया। वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच में फंस गई। यह देख महिला के पति ने चेन पुलिंग कर दी। तब तक प्लेटफार्म पर गश्ती कर रहे RPF के जवानों ने दौड़कर महिला को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। महिला को सिर व हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई है। परिजन उसका इलाज एक निजी अस्पताल में करवा रहे हैं। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की है। RPF थाना प्रभारी निहाल सिंह ने बताया कि महिला यात्री सुधा अपने पति सुभाष सिंह के साथ स्टेशन पहुंची थी। उसे उद्योग नगरी एक्सप्रेस से मुंबई जाना था। दोनों का रिजर्वेशन ट्रेन के एस-4 कोच में था। महिला ट्रेन में चढ़ने में लेट हो गई, तब तक ट्रेन चलने लगी। इस पर महिला ने ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसमें उसका पैर फिसल गया। उसका पैर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में आ गया। यह देख उसके पति सुभाष सिंह ने चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकती तब तक प्लेटफार्म पर गश्ती कर रहे प्रधान आरक्षक शिव गोविंद मिश्रा, अमित अवस्थी, सुरेश गुप्ता व आरक्षक राजेश गर्ग ने महिला को हटाया। इस बीच ट्रेन रुकी तो सुभाष सिंह भी उतरे और उन्होंने परिजनों को बुलाया। इसके बाद महिला को वे इलाज कराने निजी अस्पताल लेकर चले गए।