enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दिग्विजय की नर्मदा यात्रा का समापन आज , कई दिग्गज होंगें शामिल

दिग्विजय की नर्मदा यात्रा का समापन आज , कई दिग्गज होंगें शामिल

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- 30 सितम्बर 2017 को शुरू हुई राजनेता दिग्विजय सिंह की धार्मिक नर्मदा परिक्रमा आज नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर समाप्त हो रही है। इस दौरान सिंह ने अपनी प्रकृति से उलट जाते हुए न तो कोई राजनीतिक बातचीत की और न ही इस यात्रा के प्रचार प्रसार पर ध्यान दिया।

समापन पर बरमान घाट पर पहुंचने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। जाहिर है इनमें ज्यादातर भीड़ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की है। समापन कार्यक्रम में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंदजी और आध्यात्मिक संत देवप्रभाकर शास्‍त्री 'दद्दाजी" शामिल होंगे। छह महीने राजनीति से दूर रहने के बाद दिग्विजय सिंह के मैदान में आने से कांग्रेस में सरगर्मी बढ़ गई है। वहीं भाजपा में भी दिग्विजय की परिक्रमा समाप्त होने के कारण हलचल दिखाई दे रही है।

दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा दशहरा के दिन 30 सितंबर 2017 को शुरु हुई थी। करीब 3325 किलोमीटर की नर्मदा परिक्रमा में दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह के अलावा कांग्रेस के पूर्व सांसद द्वय रामेश्वर नीखरा व नारायण सिंह आमलावे पूरी यात्रा में उनके साथ रहे। रविवार को वे नरसिंहपुर जिले के बरमान खुर्द स्थित अर्जुनकुंड पर पहुंचे। यहां से सोमवार को बरमान घाट के लिए रवाना होंगे, जहां परिक्रमा का समापन होगा। समापन आयोजन में स्वरूपानंदजी महाराज, दद्दाजी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं जो धार्मिक विधि-विधान से पूजा अर्चना कराएंगे।

Share:

Leave a Comment