भोपाल(ईन्यूज एमपी)- भारतीय जनता युवा मोर्चा की कामकाजी बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्रीसुहास भगत ने कहा कि हम कैडरबेस पार्टी के कार्यकर्ता है। हमारे लिए अभियान सिर्फ नारा नहीं होता। युवा मोर्चा का पंचायत गठन अभियान पार्टी का महत्वपूर्ण बिन्दु है, जिसके माध्यम से प्रदेश की 23 हजार पंचायतों के गठन से पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों का विस्तार होगा। पूरी पंचायत को भाजपामय बनाने में यह अभियान महत्वपूर्ण है। इस अभियान में मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्राणपण के साथ सफल बनाने के लिए जुट जाए। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अभिलाष पाण्डे ने प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्रीअभिजात मिश्रा का पुस्तक भेंटकर स्वागत किया। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्रा ने कहा कि युवा मोर्चा मध्यप्रदेश इकाई ने पूरे देश में बेहतर काम कर एक आदर्श प्रस्तुत किया है। इसी गति और उत्साह के साथ मध्यप्रदेश युवा मोर्चा ने पंचायत गठन अभियान अपने हाथ में लिया है। जिसके लिए वह बधाई के पात्र है। उन्होंने मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यक्रम समरसता अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विजय रथ से विपक्ष और राष्ट्रविरोधी ताकतें घबरा रही है। विपक्ष द्वारा कुचक्र चलाया जा रहा है ताकि समाज में विखण्डन हो। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सजग और सतर्क होकर समाज में द्वेष भावना फैलाने वाले इन तत्वों को करारा जवाब देना है। 13 एवं 14 अप्रैल को संपूर्ण राष्ट्र में समरसता के कार्यक्रम युवा मोर्चा आयोजित करेगा। मध्यप्रदेश युवा मोर्चा हर लोकसभा एवं जिला केन्द्रों पर सेमीनार, सहभोज एवं समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करें। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे ने कहा कि देश में सिर्फ मध्यप्रदेश युवा मोर्चा इकाई ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के दिशा निर्देशों पर पंचायत गठन का अभियान प्रारंभ किया है। पंचायत गठन अभियान के माध्यम से युवा मोर्चा प्रत्येक पंचायत में 11 सदस्यीय टीम गठित करेगा। जिसमें एक संयोजक, एक सोशल मीडिया एवं शेष सदस्य रहेंगे। इस अभियान से प्रदेश की 23 हजार से अधिक पंचायतों के ढाई लाख से अधिक युवाओं को मोर्चा पार्टी की विचारधारा से जोड़ेगा और मिशन 2018 के लिए उन्हें तैयार करेगा। मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं चलो पंचायत अभियान के प्रदेश प्रभारी चन्द्रप्रकाश मिश्र ने जिलाध्यक्षों से पंचायत गठन, पंचायत प्रभारी एवं गठन की तैयारियों में दिशा निर्देश दिए। बैठक का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री के.पी. झाला एवं आभार महामंत्री श्री प्रदीप नायर ने माना। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं पंचायत गठन के जिला प्रभारी मौजूद थे।