enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आनंद का सबसे बड़ा साधन सेवा : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

आनंद का सबसे बड़ा साधन सेवा : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सेवा से बड़ा आनंद का कोई अन्य साधन नहीं है। दूसरों को खुशी देना सबसे बड़ा धर्म और तकलीफ देना सबसे बड़ा पाप है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जमीन से जुड़ा रहना चाहिये। निरंतर परपीड़ा के हरण और जन कल्याण में लगे रहना चाहिये, चौहान आज आसरा लोक कल्याण संस्था द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सांसद आलोक संजर को जन्मदिवस की शुभकामनायें दी। कवि सम्मेलन में आये वरिष्ठ कवि रामेन्द्र मोहन त्रिपाठी सहित कवियों का सम्मान किया। आसरा कल्याण संस्था की स्मारिका महिला सशक्तिकरण का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दुनिया की सबसे बड़ी योजना गरीब मजदूर के लिये सामाजिक सुरक्षा बनाई है। जिसमें रहने के लिये भूमि का टुकड़ा, पक्का मकान, बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा, उपचार और पोषण के लिये व्यवस्थायें हैं। मजदूर की जन्म से लेकर मृत्यु तक की सभी जिम्मेदारियों में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मासूम बेटियों के साथ दुराचार करने वाले को मृत्युदण्ड दिलावाने का कानून बनाया है। पुलिस को अभियान चलाकर गुण्डों को सख्ती से कुचलने के लिये कहा है ताकि बदमाशों का प्रदेश में रहना दूभर हो जाये।

सांसद आलोक संजर ने आभार प्रदर्शन किया। आसरा कल्याण संस्था की संयोजिका अलका शुक्ला ने बताया कि संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। उन्होंने संस्था के कार्यों का प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।


Share:

Leave a Comment