जबलपुर (ईन्यूज एमपी)-मेडिकल अस्पताल में भर्ती महिला की मौत होने पर उसका पति शव को मेडिकल में ही छोड़कर चला गया। बाद में जब उसकी खोजबीन हुई तो वह मिला। उसने कहा कि पैसे नहीं हैं, कैसे करता पत्नी का अंतिम संस्कार। पति की लाचारी देख मेडिकल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना मोक्ष कल्याण समिति को दी। जिस पर समिति ने उसका अंतिम संस्कार कराया। बिल्हा भेड़ाघाट निवासी मीना यादव (42) को उल्टी-दस्त से पीड़ित होने पर पति ने मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई। शव को कर्मचारियों ने उसके पति मुन्नू के सुपुर्द करने के बाद वार्ड से बाहर कर दिया। मुन्नू कुछ देर फर्श पर पत्नी के शव के पास बैठा रहा, फिर शव को वार्ड के बाहर छोड़कर चला गया। इसकी जानकारी होने पर कर्मचारियों के साथ परिजन ने उसकी खोजबीन की तो वह मेडिकल परिसर में ही मिल गया। मुन्नू ने बताया कि उसके पास शव के अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं हैं। इसलिए वह शव छोड़कर भाग आया था। इसकी जानकारी मोक्ष कल्याण समिति के अध्यक्ष आशीष ठाकुर को हुई तो उन्होंने समिति के सदस्यों के सहयोग से मीना का अंतिम संस्कार चौहानी श्मशान घाट में कराया।