इंदौर(ईन्यूज एमपी)- शहर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (चिड़ियाघर) में एक युवक शेरों के बाड़े में कूद गया। करीब 25 मिनट तक वह बाड़े के अंदर बैठा रहा, इस दौरान चिड़ियाघर में हंगामा मच मचा रहा। कर्मचारियों ने तुरंत सभी शेरों को पिंजरे के अंदर भगाया और युवक को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से बीमार है। युवक ने पहले उसने 4 फीट की रेलिंग पार की। फिर 6 फीट का बफर जोन पार किया। उसके बाद 7 फीट की जाली पर चढ़ा और 18 फीट नीचे बाड़े में कूदकर वहां लगे मचान पर चढ़ गया। दर्शक उसे चिड़ियाघर का कर्मचारी समझ रहे थे। युवक कैलाश (25) बाड़े में कूदा। उसके पास पत्थर, पटाखे और शराब की बोतल भी थी। वह मचान से पत्थर फेंककर शेरों को आवाज लगाने लगा। चिड़ियाघर कर्मचारियों को माजरा समझ आया, तो उन्होंने तुरंत पिंजरे का दरवाजा खोल शेरों को भीतर करना शुरू किया। सारे शेरों के पिंजरे में चले जाने के बाद कर्मचारियों ने युवक को पकड़कर पीटा और संयोगितागंज पुलिस के हवाले किया