enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश धान खरीदी न होने पर किसानो ने जाम किया जवा-चिल्ला मार्ग

धान खरीदी न होने पर किसानो ने जाम किया जवा-चिल्ला मार्ग

रीवा(ईन्यूज एमपी)-धान खरीदी केन्द्रों में मौजूद अव्यवस्था और बारदाने की कमी के चलते धान बेचने आए किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। त्योंथर के परसिया खरीदी केंद्र में गुरुवार को धान खरीदी बंद होने से किसान आक्रोशित हो गए। गुस्साए किसान जवा-चिल्ला मार्ग पहुंच कर सड़क पर बैठ गए। जिससे आवागमन ठप हो गया। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंचे त्योंथर एसडीएम ने किसानों से बातचीत की।

इस दौरान सामने आया कि खरीदी केन्द्र में बारदाना नहीं होने के कारण केन्द्र के कर्मचारी धान की खरीदी करने से कतरा रहे हैं। जिससे किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। बारदाने की समस्या को सुलझाने के लिए एसडीएम ने नागरिक आपूर्ति निगम से चर्चा की। जिस तरह से बारदाने की समस्या सामने आ रही है व धान पहुंच रही है उसे देखते हुए लगभग 30 हजार बारदाने की डिमाण्ड की गई है। प्रशासन की पहल के बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ। जिसके बाद जवा-चिल्ला मार्ग में आवागमन बहाल हो सका।

तीन घंटे तक सड़क पर बैठे रहे किसान

केंद्र में धान खरीदी न होने से नाराज किसान लगभग 3 घंटे तक सड़क पर बैठे रहे और खरीदी केन्द्र में व्यवस्था बनाने की मांग करते रहे। जिससे किसानों की धान बिक सके। बताया जा रहा है कि परसिया क्षेत्र में धान की अच्छी पैदावार हुई है। इन दिनों किसान वाहनों में धान भरकर केन्द्र में बेचने पहुंच रहे हैं। खरीदी न होने के कारण वे रात-रातभर बैठे रहते हैं। जिसके चलते आखिरकार उनका गुस्सा फूट पड़ा और किसान आन्दोलन का रास्ता अपनाते हुए सड़क पर बैठ गए।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

किसानों द्वारा किए जा रहे आन्दोलन की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे एसडीएम व स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में किसानों ने समस्या बताने के साथ ही धान खरीदी केन्द्र की अव्यवस्था को दूर करने के लिए एक ज्ञापन पत्र भी सौंपा है। जिसमें उन्होंने मांग की है कि नियमित धान की खरीदी कराए जाने की व्यवस्था बनाई जाए। पहुंचने वाले किसानों को केन्द्र में मूलभूत सुविधा दी जाए और खरीदी केन्द्र के लिए तौल कांटा भी बढ़ाए जाएं जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों के धान की तौल हो सके।

-----------

धान खरीदी को लेकर किसानों ने समस्या बताई है। केन्द्र में बारदने की कमी है। इस समस्या को दूर करने के लिए नॉन प्रबंधक से बात की गई है। करीब 30 हजार बारदाने केन्द्र के लिए मांगे गए हैं। जिससे किसानों की धान की खरीदी कर उसमें सुरक्षित रखा जा सके। स्थिति सामान्य है।

-केके पाण्डेय, एसडीएम, त्योंथर।

Share:

Leave a Comment