रायसेन(ईन्यूज़ एमपी)- आदि शंकराचार्य की प्रतिमा के लिए धातु संग्रहण एवं जन-जागरण अभियान के लिये एकात्म यात्रा की व्यवस्थाओं और भव्य स्वागत के संबंध में लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर तैयारियों की जानकारी लेते हुए समय से पहले सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। ताकि यात्रा का भव्य, गरिमामय एवं सुचारू रूप से संचालन किया जा सके। बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आदि शंकराचार्य की प्रतिमा के लिये सांकेतिक धातु संग्रहण एवं जन जागरण अभियान के लिये एकात्म यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में एकात्म यात्रा 07 जनवरी को प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि आदि गुरू शंकराचार्य ने भारत को सांस्कृतिक एकता मे बांधने का महान कार्य किया है। उनका एकात्मवाद संम्पूर्ण विश्व को धर्म, पंथ, रंग, जाति, लिंग, प्रजाति एवं भाषा आदि की विविधताओं से परे एक सूत्र में बांधने का दर्शन है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि एकात्म यात्रा का जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस हेतु इस यात्रा के स्वागत और जन संवाद कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों और संतों का सहयोग अपेक्षित है। यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम स्थल पर भजन-कीर्तन के आयोजन भी किए जाने की सभी तैयारियां पूर्व से ही कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों से भी लोग यात्रा के रूप में एकत्र हों, इसके प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि एकात्म यात्रा में जिले के सभी समाज और वर्ग के लोग जुडें। सामाजिक समरसता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही एकात्म यात्रा सफलता पूर्वक जिले में संपन्न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।