छतरपुर : जिले में साधिकार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों का घर-घर जाकर सर्वे कर उन्हें लाभ प्रदान किया जाना है। कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को साधिकार अभियान की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राज्य शासन द्वारा गरीब कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। इसी के तहत साधिकार अभियान की शुरूआत की गई है। कलेक्टर डॉ. अख्तर ने बैठक में सी.एम. हेल्पलाइन एवं पी.जी. सेल के प्रकरणों का निराकरण तेजी से करने के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाये जाने के लिये फसल कटाई प्रयोग की जानकारी एनआईसी की वेबसाइट पर 30 अक्टूबर तक अपलोड की जाना है। उन्होंने इस संबंध में भू-अभिलेख कार्यालय को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को पहुंचाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर डॉ. अख्तर ने बैठक में आगामी 1 नवम्बर को म.प्र. का स्थापना दिवस मनाये जाने की तैयारी एवं जिले की उपलब्धियों पर आधारित 10 साल बेमिसाल पुस्तिका तैयार करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. सतेन्द्र सिंह, एसडीएम श्री डी.पी. द्विवेदी, सीएमएचओ डॉ. विनोद कुमार गुप्ता, उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री आदित्य चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.एस. बरकड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।