अशोकनगर(ई न्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुंगावली नगर को मिनी स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। इस हेतु राज्य सरकार द्वारा 25 करोड़ रूपए की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अशोकनगर जिले के विकासखण्ड मुंगावली में रोड शो के दौरान जनसंवाद के दौरान जनसमुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुंगावली के विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। मिनी स्मार्ट सिटी के लिए राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसका कार्य सर्वे टीम द्वारा सर्वे कराकर शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजनांतर्गत 300 नवीन प्रधानमंत्री शहरी आवास स्वीकृत कराये जाकर गरीब परिवारों को उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुंगावली क्षेत्र की जनता से प्राप्त आवेदनों का निराकरण हर संभव कराया जाएगा। रोड शो के दौरान घर-घर पहुंचे मुख्यमंत्री रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम बहादुर से विकासखण्ड मुंगावली पहुंचे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर पड़ने वाले ग्रामों में ग्रामीणों ने आत्मीयता के साथ सड़कों के दोनों ओर खड़े होकर स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच जाकर उनका सत्कार स्वीकार किया। मुंगावली में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री श्री चौहान अंसार अली के निवास पर पहुंचे तथा सपरिवार के हॉलचाल जाने। इसी प्रकार काफिले के साथ चलते हुए नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने रात्रि 12 बजे तक रोड शो करके पूरे शहर का भ्रमण कर शहरवासियों से मिले तथा उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने रात्रि विश्राम मुंगावली में किया।