भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मध्यप्रदेश होमगार्डस् तथा नागरिक सुरक्षा का 71वां स्थापना दिवस आज जेल रोड स्थित होमगार्ड लाइन में समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह में होमगार्ड महानिदेशक महान भारत सागर ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बाढ़, आपदा और कानून व्यवस्था की नाजुक स्थिति में भी संयम से काम करने वाले होमगार्ड के जवान निष्काम सेवा के लिये सदैव तत्पर रहते हैं। श्री सागर ने होमगार्ड के इतिहास और उसके गठन के बारे में भी बताया। विशेष पुलिस महानिदेशक मैथिलीशरण गुप्त भी उपस्थित थे। शुरूआत में पुलिस महानिदेशक महान भारत सागर ने परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में भारत सरकार के पुलिस महानिदेशक सिविल डिफेन्स प्रकाश मिश्रा के संदेश का वाचन किया गया। म.प्र. होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के पुलिस महानिरीक्षक के.पी. वेंकटेश्वर राव ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। समारोह में सिंहस्थ मेडल व अन्य पुरस्कार दिये गये। सिंहस्थ मेडल डिवीजनल कमाण्डेंट उज्जैन भोजपाल वर्मा, सागर की संगीता डी. कुमार, आपदा प्रबंधन भोपाल के सुर सिंह सोलंकी और इंदौर के डी.के. विजयवत, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट नरसिंहपुर एस.के. सहगल, शिवपुरी के एल.एन. बागरी, मुरैना के अजय कश्यप और आगर-मालवा के विक्रम मालवीय, कंपनी कमाण्डर इंदौर एस.सी.राय और सी.टी.आई. मंगेली जबलपुर के आर.के.शर्मा तथा डिवीजनल वार्डन सिविल डिफेंस भोपाल रनदीप जग्गी को दिये गये। वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए भी प्रशस्ति-पत्र दिये गये। सम्मानित होने वालों में डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट खण्डवा एम.के. हनौतिया, कंपनी कमाण्डर ग्वालियर राघवेन्द्र शर्मा, प्लाटून कमाण्डर भिण्ड पूजा परिहार, ए.एस.आई. नरसिंहपुर नीरज सिंह ठाकुर, हवलदार स्टोर मेन मंडला कोमल सिंह, आरक्षक एस.डी.आर.एफ. इंदौर नीलेश ठाकरे, लांस नायक बैतूल अशोक परिहार, सैनिक खण्डवा कैलाश बोरवरकर, विदिशा के रामलखन कुशवाह, धार के दिनेश वर्मा और भोपाल के राजाराम शामिल रहे। समारोह में होमगार्ड रतलाम की टीम, परेड कमाण्डर टी.आर. चौहान, परेड में प्रथम प्लाटून कमाण्डर भोपाल की अभिरूचि गौर, परेड में द्वितीय प्लाटून कमाण्डर अनूपपुर अमित पटेल, एस.डी.ई.आर.एफ. के कम्पनी कमाण्डर कपिल नागर, होमगार्ड गान के लिये प्रतीक श्रीवास्तव, भगौरिया नृत्य के लिये रतलाम की टीम, नुक्कड़ नाटक के लिए पूजा परिहार की टीम और शेर-शायरी सहित वीरगाथाओं के जरिये संचालन के लिये उद्घोषक संतोष जाट और रूबी यादव को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर त्रैमासिक पत्रिका न्यूज गैलेक्सी का लोकार्पण किया गया। साथ ही पुलिस महानिदेशक सागर को स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। समारोह में एस.डी.ई.आर.एफ. मध्यप्रदेश द्वारा आपदा प्रबंधन का डिमांस्ट्रेशन किया गया। होमगार्ड जवानों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायन, नृत्य, नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। समारोह स्थल पर आपदा प्रबंधन से संबंधित वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। डिवीजनल कमाण्डेंट परिहार ने आभार माना।