इंदौर(ईन्यूज़ एमपी)- राऊ बायपास पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक महिला और बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी अनुसार एक ही बाइक पर दो महिलाओं और 3 बच्चों समेत 6 लोग सवार थे। ये शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बस से बाइक की भिड़ंत हो गयी। सभी घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह हादसा राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी बायपास के पास हुआ। मुकेश नामक युवक अपनी भाभी, तीन बच्चों और मां को लेकर एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी अटेंड करने के बाद रात में सभी लोग एक ही बाइक से घर लौट रहे थे तभी तेज रफ्तार बस बाइक को टक्कर मारते हुए गुजर गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग दूर जा गिरे। बायपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। साथ ही सभी घायलों को उठाकर सड़क के किनारे ले गए। कुछ देर बाद एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर बस को जब्त कर लिया है।