रायसेन (ईन्यूज़ एमपी) सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर कलेक्टर भावना वालिम्बे, सीईओ जिला पंचायत अमनवीर सिंह बैस सहित सभी अधिकारियों को जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों द्वारा झण्डे लगाए गए। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा सैनिकों के कल्याण हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों के लिए सहयोग राशि दी गई। उल्लेखनीय है कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य भारतीय शस्त्र सेनाओं के जो जवान देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए हैं उनका पुण्य स्मरण करना तथा सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लिए धनराशि एकत्र करना हैं। इस धनराशि का उपयोग शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों, विकलांग सैनिक, भूतपूर्व सैनिक को उपचार, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार, सिलाई, कड़ाई एवं अन्य तरह से आर्थिक सहायता के लिए किया जाता है। भारतीय सैनिक युद्ध तथा शांति के समय एक सजग प्रहरी की तरह सेवाएं देते हैं। वे देश को जल, थल तथा वायु में बहुत की कठिन परिस्थितियों तथा मुश्किल क्षणों में हर समय देश की सीमा की रक्षा करते हैं एवं भारत की अर्थव्यवस्था तथा भव्यता की रक्षा करने के लिए तत्पर रहते हैं। अपनी अमूल्य सेवाओं के द्वारा बाढ़, भूकंप, तूफान तथा प्राकृतिक विपदाओं के समय देश की सहायता करते हैं। इस तरह सैनिक देश की रक्षा तथा सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।