enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवा देने में लापरवाही करने पर होगी कड़ी कार्यवाई-कलेक्टर

कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवा देने में लापरवाही करने पर होगी कड़ी कार्यवाई-कलेक्टर

पन्ना(ईन्यूज़ एमपी)- कलेक्टर मनोज खत्री ने आज जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के प्रत्येक वार्ड, रोगी पंजीयन कक्ष नियंत्रण कक्ष, दवा वितरण केन्द्र, महिला एवं पुरूष वार्ड गहन चिकित्सा वार्ड, आपात कालीन चिकित्सा वार्ड, पोषण पुनर्वास केन्द्र आदि का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधि वितरण केन्द्र में उन्होंने वितरण पंजी, पर्ची, भण्डरित औषधियों का अवलोकन कर औषधियों उत्पादन एवं उपयोगिता दिनांक की जानकारी ली।कलेक्टर खत्री ने औषधि वितरण करने वाले कर्मचारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा कर औषधि उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय में निर्माण के लिए प्रस्तावित शौचालय एवं अन्य भवन के संबंध में लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय सीमा में एवं गुणवत्तायुक्त होना चाहिए।

कलेक्टर ने वार्डो में पहुंचकर रोगियों से चर्चाकर उपचार एवं भोजन आदि की जानकारी ली। भर्ती मरीजों द्वारा बताया गया कि सभी प्रकार की औषधियां एवं भोजन चिकित्सालय में निःशुल्क प्राप्त होता है। उन्होंने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि उपचार में पूरी सतर्कता वर्ती जाए। इसी प्रकार उन्होंने महिला एवं पुरूष वार्ड आपरेशन थियेटर, लेबर रूम का भी निरीक्षण किया। महिला बार्ड में प्रसूता से चर्चाकर मिल रहे उपचार एवं पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के उपचार एवं विभिन्न जांचों की पर्चियों का अवलोकन किया। एक महिला में रक्त की कमी पाए जाने पर संबंधित क्षेत्र की स्वास्थ्य कार्यकर्ता को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषित बच्चों के लिए जिला चिकित्सालय में स्थापित पोषण पुनर्वास केन्द्र का जायजा लिया। वहां भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं से चर्चा कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं बजन की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मौके पर उपस्थित महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी मेरे समक्ष प्रस्तुत करें।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय में मरीजों को वितरण किए जाने वाले भोजन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बनाई गयी दाल एवं सब्जी का अवलोकन कर गुणवत्ता परखी। इसी परिसर में स्वयं सेवी संस्था द्वारा चलाए जा रहे 5 रूपये थाली भोजन उपलब्ध कराने वाली इकाई में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी तथा सिविल सर्जन डॉ. व्ही.एस. उपाध्याय से चिकित्सालय में आउटडोर में आने वाले एवं भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या आवश्यक उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जिले की शिशु एवं मातृ मृत्युदर से संबंधित आंकडों पर चर्चा करते हुए विकासखण्डवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Share:

Leave a Comment