भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासन, प्रशासन, समाज, जनप्रतिनिधि, जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी संगठन मिल जुलकर बुंदेलखण्ड क्षेत्र में जल संरक्षण के कार्यों को अंजाम देंगे और इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगे। मुख्यमत्री छतरपुर जिले के विश्वप्रसिद्ध धरोहर स्थल खजुराहो में बुंदेलखण्ड के विशेष संदर्भ में राष्ट्रीय सूखामुक्त जल सम्मेलन के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। तीन दिसम्बर तक चलने वाले इस दो दिवसीय जल सम्मेलन का आयोजन जल-जन जोड़ो अभियान एवं बुंदेलखण्ड की सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है। मुख्यमंत्री की घोषणाएं 1. सागर संभाग के सभी जिलों में मौजूद सभी छोटे-बड़े तालाबों का सीमांकन किया जाएगा। 2. इन तालाबों में सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाएं जाएंगे। 3. गांव-गांव में नए तालाब बनाने के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी। 4. शासन और प्रशासन के सभी लोग नए तालाब खोदने के कार्य में श्रमदान करेंगे। वे स्वयं भी श्रमदान करने आएंगे। 5. जल संरक्षण के लिए आगामी ग्रीष्मकाल में वृहद अभियान चालाया जाएगा। 6. अधिक से अधिक नए तालाब, चैक डैम, स्टाप डैम, नाले बनाने के अलावा बोरी बंधान कार्य भी किए जाएंगे।