enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश ग्रामीण विकास के हिमायती मुख्यमंत्री ..........

ग्रामीण विकास के हिमायती मुख्यमंत्री ..........

शहडोल (ई न्यूज़ एमपी ) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय, निशक्तजन कल्याण मंत्री गोपाल भार्गव ने उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं। भार्गव ने कहा है कि चौहान ग्रामीण विकास के हिमायती मुख्यमंत्री बनकर उभरे हैं। उनके द्वारा प्रदेश में लागू एक नहीं, कई योजनाओं को दूसरे राज्यों ने भी अपनाया है। बारह वर्षों में ग्राम पंचायतों के अधोसंरचना विकास के लिये सराहनीय कार्य किये गये हैं। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रदेश के 22.12 लाख परिवारों को स्व-सहायता समूह से जोड़ा गया है, जिससे 6 लाख 19 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की सराहनीय पहल हुई है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में अभी तक लगभग 80 लाख शौचालय का निर्माण करवाया गया है, जो देश में सर्वाधिक है।
प्रदेश में ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना में 6 लाख 33 हजार से अधिक अतिरिक्त ग्रामीण आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। एक लाख 64 हजार से अधिक ग्रेवल सड़कें बनाई गई हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन 43 जिलों के 271 विकासखण्डों में क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसमें एक लाख 83 हजार 407 स्व-सहायता समूहों को 688.54 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता दी गई है। सामाजिक क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सिंगल क्लिक पेंशन वितरण योजना लागू की गई है। इस योजना से प्रदेश के सभी वृद्धजनों को एक साथ पेंशन मिल रही है। मनरेगा के क्षेत्र में प्रदेश, देश में अन्य राज्यों से आगे है। पंचायतों के कार्यों को पारदर्शी बनाने के लिये पंच-परमेश्वर पोर्टल तथा पंच-परमेश्वर एप बनाया गया है, जिसमें ग्राम पंचायतों के समस्त कार्य-व्यवहार को पब्लिक डोमेन में प्रदर्शित किया गया है। ग्राम पंचायतों को प्राप्त होने वाली समस्त राशियाँ एवं उनके कार्यों को एप के माध्यम से किसी भी स्थान से देखा जा सकता है। यह अपने आप में बहुत अनोखी पहल है। यह व्यवस्था अपनाने वाला मध्यप्रदेश देश का प्रथम राज्य है।

Share:

Leave a Comment