शिवपुरी(ई न्यूज एमपी)- शिवपुरी पुलिस ने 40 हजार रूपये के इनामी डकैत को पकड़ने में कामयाबी पाई है। कई बड़ी वारदातों में शामिल इस डकैत की पुलिस को लम्बे समय से तलाश थी। मिली जानकारी के मुताबिक जिले की भौती थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 40 हजार का इनामी डकैत अरविंद रावत ऊर्फ अरुआ परेवा दांत के जंगलों में छिपा है। सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस ने सुबह करीब 9 बजे जंगल के क्षेत्र में दबिश दी और एक छोटे से एनकाउंटर के बाद अरविंद रावत को पकड़ लिया। अरविंद ग्वालियर चंबल संभाग का कुख्यात डकैत है और उस पर 40 हजार का इनामी घोषित है। डकैत को पकड़ने वाली टीम में तेंदुआ थाना प्रभारी व जिले के एडी स्पेशलिस्ट रविंद्र सिंह सिकरवार और भौती थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव की भूमिका रही है। पुलिस के मुताबिक अरुआ डकैत अपहरण, बलात्कार हत्या जैसी कई संगीन घटनाओं को अंजाम दे चुका है। 12 जुलाई 2017 को ये डकैत दतिया अस्पताल से इलाज कराने के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर और उन्हें चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद डकैत ने आधा दर्जन अपहरण व अन्य घटनाओं को अंजाम दिया था। डकैत अरविंद रावत निवासी टोरिया कला करैरा के खिलाफ 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को इस डकैत की कई दिनों से तलाश थी। यहां बता दें कुछ दिन पूर्व भी पुलिस ने इस गैंग के दो साथियों को पकड़ा था। उनके कब्जे से पुलिस ने एक सरकारी राइफल भी जब्त की.. सामान्यतः इस तरह की राइफल पुलिस विभाग के पास होती है।