भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिये हैं कि गर्ल्स हॉस्टल, धार्मिक स्थलों और स्कूलों के आसपास की शराब दुकानें बंद की जायें। ऐसे स्थलों की सूची बनाकर यह कार्रवाई की जाये। शराब दुकानों के अहाते तुरंत बंद किये जायें। युवाओं में जागरूकता लाने के लिये स्कूलों-कालेजों में विशेष अभियान चलाया जाये। मुख्यमंत्री चौहान आज यहाँ महिला अपराधों पर नियंत्रण के संबंध में समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव बी.पी.सिंह और पुलिस महानिदेशक आर.के.शुक्ला भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पिछले सप्ताह इस संबंध में ली गयी बैठक के निर्णयों के पालन में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज और लोक परिवहन की बसों में जी.पी.एस. सिस्टम और सी.सी.टी.व्ही. कैमरे लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाये। इसका पालन नहीं करने वाली संस्थाओं की मान्यता निरस्त की जाये। महिला छात्रावासों के प्रवेश द्वार पर सी.सी.टी.व्ही.लगाना सुनिश्चित किया जाये। संवेदनशील स्थानों पर स्थित शराब की दुकानें चिन्हित कर उन्हें बंद कराया जाये। महिला अपराध के प्रकरणों में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जाये और चिकित्सकों में संवेदनशीलता के लिये स्वास्थ्य विभाग के अमले को प्रशिक्षित किया जाये।