बुरहानपुर(ईन्यूज़ एमपी)- राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में पर्यटन पर्व के तहत शाही किला परिसर में 22 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। कलेक्टर दीपक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, शाही किले में 22 अक्टूबर को शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम व फूड फेस्टिवल और फोटो प्रदर्शनी लगाई जायेंगी। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटन के प्रति आमजन में जागरूकता लाना हैं। कलेक्टर ने कार्यक्रम में समस्त जिलेवासियों को परिवार सहित आमंत्रित किया हैं। बैठक लेकर अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश:- पर्यटन पर्व के तहत स्कूली विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्कूलों में बुरहानपुर के इतिहास पर क्वीज प्रतियोगिता आयोजित की जायेंगी और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विजेताओं को एक नवम्बर को मुख्य कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जायेगा। स्कूलों में पर्यटन पर आधारित फिल्मों के प्रसारण के लिए कलेक्टर श्री सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित भी किया हैं। साथ ही हेरिटेज वॉक भी आयोजित होगी। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्टर दीपक सिंह ने किला परिसर में अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल का अवलोकन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये। तांगा, फ्लैक्स, बैनर व पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार करें:- कलेक्टर ने बैठक में नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, लाईट व साउन्ड एवं पेयजल की बेहतर व्यवस्था करें। साथ ही परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिये डस्टबिन भी रखवाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के बारे में लोगों की जानकारी देने के उद्देश्य से तांगों, फ्लैक्स, बैनर व पोस्टरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करें। यह बैनर सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्षित करें। कलेक्टर ने पुरातत्व विभाग को निर्देश दिये कि पुरातत्व से संबंधित प्रदर्शनी लगायें, ताकि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी मिल सकें।