enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सिवनी. भाजपा नेता की मौत, कलेक्टर एसपी की गाड़ी पर पथराव

सिवनी. भाजपा नेता की मौत, कलेक्टर एसपी की गाड़ी पर पथराव

सिवनी. गाड़ी टकराने के विवाद में दो युवकों की मारपीट से बुरी तरह घायल भाजपा नेता की मौत के बाद सिवनी के बरघाट में उपद्रव भड़क गया, जिसके चलते क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया है। सोमवार सुबह तनाव के बाद शुरुआत में धारा 144 लगाई गई थी, लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं होने पर दोपहर तीन बजे प्रशासन ने कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया। मारपीट करने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं सिवनी एसपी आरपी सिंह के अनुसार स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की चार कंपनियां छिंदवाड़ा, मंडला और जबलपुर से बुलाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार लोहारा गांव निवासी भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री कपूरचंद ठाकरे 3 अक्टूबर की रात लोहारा जा रहे थे। बरघाट मार्ग पर उनकी कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए, लेकिन कार नहीं रुकी। इस पर वहां मौजूद नासिर खान (22) और रजा खान (28) ने पीछा कर कार रुकवाई और ठाकरे को बुरी तरह पीट दिया। नागपुर में इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही क्षेत्र में बवाल शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एवं एसपी घटनास्थल की ओर रवाना हुए थे, लेकिन गुस्साई भीड़ ने दोनों अधिकारियों को बरघाट बस्ती के अंदर घुसने से रोकने की कोशिश की। इस कोशिश में कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी की। पत्थरबाजी में किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को चोट नहीं आई है। हालांकि प्रशासन ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।

Share:

Leave a Comment