enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश वन मंत्री डॉ. शेजवार ने किया वन्य-प्राणी संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ

वन मंत्री डॉ. शेजवार ने किया वन्य-प्राणी संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ

भोपाल : वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने आज वन विहार में वन्य-प्राणी संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ किया। सात अक्टूबर तक चलने वाले सप्ताह का आगाज़ वन मंत्री डॉ. शेजवार, प्रमुख सचिव वन श्री दीपक खाण्डेकर, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य-प्राणी) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने वन्य-प्राणी के चित्र बनाकर किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भोपाल के 40 शिक्षण संस्थान के 1010 प्रतिभागी ने वन्य-प्राणी और प्रकृति से जुड़े विषयों पर चित्रकारी की।

वन मंत्री ने मूक-बधिर बच्चों की चित्रकारी की तारीफ की। वन मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे बहुत प्रसन्न हुए और काफी देर तक संकेतों से अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। प्रथम वर्ग में कक्षा चौथी तक के बच्चों ने 'मेरा प्रिय वन्य-प्राणी', द्वितीय वर्ग में पाँचवीं से आठवीं तक 'मध्यप्रदेश का राज्य पक्षी दूधराज प्राकृतिक आवास में', नवीं से 12वीं तक 'राज्य पशु बारासिंगा प्राकृतिक आवास में' और खुला वर्ग में लोगों ने 'हमारा वन्य-प्राणी' पर आकर्षक चित्र बनाये।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण श्री सुहास कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन विकास निगम श्री रतन पुरवार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संयुक्त वन प्रबंधन श्री जितेन्द्र अग्रवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक केम्पा श्री धर्मेन्द्र शुक्ला, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्य-प्राणी श्री शाहबाज अहमद एवं श्री आर.पी. सिंह, संचालक वन विहार और बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

वन मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर गिद्ध संवर्धन केन्द्र भोपाल, सर्प-संसार तथा ईको-पर्यटन से संबंधित छायाचित्रों पर केन्द्रित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

2 अक्टूबर के कार्यक्रम

वन विहार में सप्ताह के दूसरे दिन प्रात: 6.30 से 8.30 तक पक्षी अवलोकन शिविर, 10 बजे से सर्प एवं सर्प चित्र प्रदर्शनी, 11 से 2 बजे तक 'नागपंचमी पर्व पर सर्पों का प्रदर्शन उचित है' विषय पर विद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी।

Share:

Leave a Comment