भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- प्रदेश के 44 नगरीय निकाय में आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिये सभी तैयारियाँ कर ली गयी हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। इसके साथ ही विभिन्न नगरीय निकाय में पार्षदों के उप चुनाव के लिये भी मतदान जारी है। मतगणना 16 अगस्त को सुबह 9 बजे से होगी। अध्यक्ष पद के 206 उम्मीदवार:- इस चुनाव में 44 नगरीय निकाय अध्यक्ष पद के लिये 206 और पार्षद पद के लिये 2133 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगरपालिका परिषद 18 और नगर परिषद 26 हैं। कुल मतदाता 8 लाख 51 हजार:- इन 44 नगरीय निकाय चुनाव में कुल 8 लाख 51 हजार 732 मतदाता हैं। इनमें से 4 लाख 39 हजार 607 पुरुष, 4 लाख 12 हजार 61 महिला और 64 अन्य मतदाता हैं। वार्डों की संख्या 780 और मतदान केन्द्रों की संख्या 1159 है। औसत मतदाता प्रति मतदान केन्द्र 735 हैं। चुनाव एप:- श्री परशुराम ने बताया कि मतदाता चुनाव एप के माध्यम से ई-मतदाता पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। मतदान केन्द्र का पता कर गूगल एप पर रास्ता ढूँढ सकते हैं। अभ्यर्थियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही निर्वाचन परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पंचायत संस्थाओं में आम और उप निर्वाचन:- इसके साथ ही 5631 पंच, 74 सरपंच, 14 जनपद पंचायत सदस्य, 3 जिला पंचायत सदस्य के उप निर्वाचन एवं 356 पंच और 23 सरपंच के आम निर्वाचन के लिये भी आज सुबह से ही मतदान जारी है, मतगणना 16 अगस्त को होगी।