भोपाल : मध्यप्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिये मिले राष्ट्रीय पुरस्कार आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने भेंट किये। मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठापूर्ण 6 पुरस्कार पाने के लिये बधाई दी। इस मौके पर मंत्रीमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। राष्ट्रीय महत्व के ये प्रतिष्ठापूर्ण पुरस्कार राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी ने विगत दिवस नई दिल्ली में पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा को प्रदान किये। राज्य को मिले इस पुरस्कार के लिये मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए पर्यटन राज्य मंत्री को बधाई दी। साथ ही उन्हें अन्य मंत्रियों ने भी बधाई दी। पर्यटन के समग्र विकास के लिए मध्यप्रदेश को द्वितीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ विरासत शहर का पुरस्कार ग्वालियर को मिला। बी. श्रेणी के पर्यटक स्थलों में जन-सुविधा प्रबंधन में खरगोन जिले की महेश्वर नगर परिषद को पहला, पर्यटकों के लिए अनुकूल रेलवे स्टेशन का पुरस्कार हबीबगंज को, बेस्ट मेंटेन्ड डिसएबल्ड फ्रेंडली मान्यूमेंट भोजपुर के शिव मंदिर को, मोस्ट इनोवेटिव एंड यूनिक टूरिज्म प्रोजेक्ट का गौरव पर्यटन विकास निगम की इकाई 'सैर-सपाटा' भोपाल को हासिल हुआ।