enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज ने किया अपार जन समूह को संबोधित बोले-मेरी हर साँस प्रदेश के विकास और किसानों के कल्याण के लिये

मुख्यमंत्री शिवराज ने किया अपार जन समूह को संबोधित बोले-मेरी हर साँस प्रदेश के विकास और किसानों के कल्याण के लिये

(enewsmp.com)भोपाल- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ भेल दशहरा मैदान पर प्रदेश में शांति के लिए अनिश्चितकालीन उपवास शुरू किया। प्रदेश में आंदोलनरत किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी हर सांस प्रदेश के विकास के लिए और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित है। खेती-किसानी और किसानों का कल्याण, हमेशा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवाद का रास्ता अपनाने के लिये तैयार है लेकिन किसी भी कीमत पर राज्य को आग के हवाले नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि किसानों को सरकार एक धेला नहीं देगी। उन्होने इसका जोरदार खंडन करते हुए कहा कि किसानों के लिये वे जिन्दगी भी दे सकते हैं। मुख्यमंत्री के समर्थन में मंत्रिमंडल के सदस्य और किसान संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हिंसा नहीं संवाद और शांति ही हर समस्या का हल है। उन्होंने कहा कि हिंसा से किसी का लाभ नहीं होगा। सरकार हमेशा बातचीत के लिये तैयार है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिये जीवन भी दे सकते हैं लेकिन उन्हें परेशानी नहीं होने देंगे। लोगों की रक्षा और लोक संपत्तियों की सुरक्षा के लिये राजधर्म का पालन किया जायेगा। शांति भंग करने वालों के विरूद्ध सख्ती बरती जायेगी। उन्होंने कहा कि किसान नहीं, कुछ मुट्ठीभर लोग हिंसा फैला रहे हैं, उनसे सख्ती से निपटा जायेगा। उन्होंने कहा कि एक बार राज्य अराजक हो जाये तो मुश्किल होगी। इंसानियत, मोहब्बत और शांति का संदेश देने के लिये उपवास रखा है। अलोकतांत्रिक तरीके अपनाना गलत है।

Share:

Leave a Comment