रतलाम(enewsmp.com) तन्वी सुन्द्रियाल ने आज प्रातः कलेक्टर रतलाम का विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें अपर आयुक्त (राजस्व) उज्जैन सम्भाग एवं प्रभारी कलेक्टर डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने प्रातः पौने ग्यारह बजे कलेक्टर कार्यालय में रतलाम कलेक्टर का प्रभार सौपा। इसके पूर्व श्रीमती सुन्द्रियाल ने शहर का भ्रमण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होने जिला अधिकारियों की परिचायात्मक बैठक ली। इसके बाद उन्होने अनुविभागीय मुख्यालय सैलाना जाकर खण्ड स्तरीय अधिकारियों से चर्चा की। दोपहर 1 बजे पत्रकारों से चर्चा के उपरांत श्रीमती सुन्द्रियाल ने अनुविभागीय मुख्यालय जावरा एवं आलोट जाकर अधिकारियों से चर्चा कर कानून व्यवस्था के मसले पर जानकारी प्राप्त की। जिले एवं अन्य अनुविभागीय मुख्यालयों पर अपर आयुक्त डॉ. भार्गव, एसपी अमितसिंह ने भी अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश दिये। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने जिले के एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें प्रत्येक छोटी-छोटी जानकारी मैदान स्तर से प्राप्त कर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिये। उन्होने अधिकारियों से कहा हैं कि वे बे-हिचक होकर अपनी बात उनके समक्ष रख सकते है। उन्होने समस्त अधिकारियों को अपना मोबाईल नम्बर स्वयं नोट कराया और अपेक्षा जतायी कि किसी भी परिस्थिति में वे तत्काल उन्हें दूरभाष पर सूचित करें अथवा टेक्स्ट मैसेज भेजे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयीन कार्य आम दिनों की तरह ही स्वतंत्रतापूर्वक करने के निर्देश दिये है। उन्होने कहा हैं कि वर्तमान हालातों के मद्देनजर महिला एवं बाल विकास विभाग अपने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से, स्वास्थ्य विभाग आशा कार्यकर्ताओं से, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ग्राम रोजगार सहायक एवं सचिवों से, साथ ही राजस्व विभाग पटवारियों से सतत् एवं जीवन्त सम्पर्क बनाये रखकर छोटी-छोटी जानकारियॉ मैदानी स्तर पर जुटाये एवं गड़बड़ी की तनिक भी आशंका होने पर निःसंकोच होकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराये। कलेक्टर ने मातहत अधिकारियों की हौसला अफजाई करते हुए आश्वस्त किया कि वे उनके सहयोग के लिये सदैव तत्पर है।