पन्ना : विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि पैदा करने के लिए शासन द्वारा इन्स्पायर आवार्ड योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत 3 दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी 9 से 11 सितंबर तक शा. आर.पी. उत्कृष्ट विद्यालय पन्ना में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी के तैयारियों की समीक्षा बैठक गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें डिप्टी कलेक्टर सुरेश गुप्ता ने प्रदर्शनी के तैयारियों की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल विद्यार्थियों के आवास तथा भोजन व्यवस्था एवं निर्णायक मण्डल के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने उपचार व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. मिश्रा ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रत्येक विकासखण्ड के चुने हुए विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसमें प्रत्येक विद्यार्थी को 5 हजार रूपये की राशि प्रदान की गई है। जिसमें 2 हजार 500 रूपये की राशि माडल तैयार करने तथा शेष 2 हजार 500 रूपये की राशि आवागमन एवं अन्य व्यय के लिए प्रदान की गई है। विद्यार्थी निर्धारित संवर्ग में अपने माॅडल प्रस्तुत करेंगे। दुकानों में उपलब्ध तैयार माॅडल अथवा थर्मोकोल से बनाए गए माॅडल मान्य नही होंगे। केवल मौलिक रूप से विद्यार्थी द्वारा तैयार माॅडल ही प्रतियोगिता में शामिल किए जाएंगे। इनका जिला स्तरीय निर्णायक समिति द्वारा निरीक्षण करके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। निर्णायक समिति में राज्य स्तरीय प्रतिनिधि के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निर्धारित सदस्य शामिल होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी संकुल प्राचार्य विद्यालय के विज्ञान शिक्षक के साथ प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को भेजें। प्रदर्शनी में शामिल छात्र तथा छात्राओं के भोजन एवं आवास की अलग अलग व्यवस्था की गई है। प्रदर्शनी का शुभारंभ 9 सितंबर को दोपहर 2 बजे होगा। इसका समापन 11 सितंबर को दोपहर बाद 3 बजे किया जाएगा। आमजनता के अवलोकन के लिए 10 सितंबर को प्रदर्शनी खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आवश्यक प्रबंध करने के लिए दल तैनात कर दिए गए हैं।