भोपाल। प्रदेश सरकार बुधवार को विस में वार्षिक बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री जयंत मलैया सदन में लोक हित का बजट पेश करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि, वर्ष 2018 में विधानसभा के चुनाव होना है, ऐसी स्थिति में सरकार आम आदमी और महिलाओं के लिए बड़ी सौगात दे सकती है। बजट में वित्तीय स्थिति और सरकारी खजाने के बीच संतुलन साधने की कोशिश की जाएगी। लगातार घाटे में चल रही सरकार अपनी आमदनी और राजस्व बढ़ाने के लिए प्रयास करेगी। माना जा रहा है कि मादक पदार्थों पर सरकार बजट में तल्खी दिखा सकती है, वहीं आम आदमी के लिए रोजमर्रा के जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुओं में कुछ राहत देखने को मिल सकती है। वहीं विलासिता की चीजों खास तौर पर आर्थिक रूप से संपन्न वर्ग के उपयोग की वस्तुओं में बढ़ोत्तरी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार गरीबों और महिलाओं के लिए नरम दिली दिखा सकती है। इसलिए गरीबों के लिए पक्के एवं छोटे आवासों का सपना पूरा करने के प्रावधान भी किए जा सकते हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी सरकार विशेष योजनाओं का एलान कर सकती है। जिसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जा सकता है। महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार,प्रशिक्षण आदि के लिए बजट की व्यवस्था होने की उम्मीद है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल के लिए भी दिल खोल सकती है। प्रदेश में स्मार्ट सिटी के लिए भी बजट में प्रावधान की होने की उम्मीद है। देर रात तक वित्त मंत्री मलैया अपने अफसरों के साथ बजट पर माथा पच्ची करते रहे।