enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण में देरी पर डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल नाराज, जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण में देरी पर डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल नाराज, जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। स्वास्थ्य संस्थाओं के भवन निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नाराजगी जताई है। मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य संस्थानों के लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की सतत और सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य संस्था का भवन तैयार होने के बाद उसके संचालन में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्माण पूरा होते ही आवश्यक उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधन की व्यवस्था समय-सीमा में पूरी की जाए, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन तत्काल शुरू किया जा सके।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों, अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। सभी स्तरों पर निर्माण, उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधन से जुड़े कार्यों की एकीकृत मॉनिटरिंग करने तथा तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सामने आया कि पूर्व निर्धारित लक्ष्य की तुलना में वर्तमान में कम स्वास्थ्य संस्थाएं लोकार्पण के लिए तैयार हो पाई हैं। इस पर उप मुख्यमंत्री ने प्रगति में कमी के कारणों की विस्तृत समीक्षा करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित निर्माण एजेंसियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आयुक्त धनराजू एस., भवन विकास निगम के प्रबंध संचालक सिबी चक्रवर्ती, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक अवि प्रसाद सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share:

Leave a Comment