enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में बलराम कृषि महोत्सव: किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली, धान-बाजरा-ज्वार की होगी सीधी खरीदी

सीधी में बलराम कृषि महोत्सव: किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली, धान-बाजरा-ज्वार की होगी सीधी खरीदी

सीधी(ईन्यूज एमपी)-शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी के अहिल्याबाई सभागार में बुधवार को बलराम कृषि महोत्सव का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उत्पादन के साथ खरीदी, सिंचाई, बिजली, प्रसंस्करण और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी किसानों से धान, बाजरा और ज्वार की सीधी खरीदी की जाएगी। किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई।

सीधी को सिंचाई परियोजनाओं में प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं में सीधी जिले को प्राथमिकता दी जाएगी। अगले सीजन से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की बात भी कही गई, ताकि किसानों को रात में खेतों की सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिल सके।

उन्होंने कृषि उपज के मूल्य संवर्धन के लिए फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन और मत्स्यपालन को किसानों की अतिरिक्त आय का साधन बनाने पर जोर दिया। 25 गाय या 25 भैंस की डेयरी के लिए 40 लाख रुपये तक की योजना में 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दिए जाने की जानकारी दी।

सीधी के श्रीअन्न और महुआ प्रसंस्करण की सराहना

मुख्यमंत्री ने सीधी के कोदो, कुटकी, मेझरी और सांवा जैसे श्रीअन्न की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिलेट को बढ़ावा मिलने से किसानों के लिए बाजार और आय के नए अवसर बनेंगे। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे महुआ प्रसंस्करण की भी सराहना की गई।

पंजा-दरी और कालीन जैसे स्थानीय ओडीओपी उत्पादों को बढ़ावा देने तथा पर्यटन विकास पर भी जोर दिया गया।

25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी। इसके तहत राज्य परिवहन की बसें संचालित होंगी।

प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना से सीधी को नए अवसर

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी को प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में शामिल किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण के साथ पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्यपालन जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम और विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

प्रगतिशील किसान और मेधावी छात्र सम्मानित

महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों और विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से कृषि यंत्र, उर्वरक, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्यपालन की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषि, मत्स्यपालन, प्राकृतिक खेती, दाल उत्पादन, बेसन प्रोसेसिंग, राइस मिल, डेयरी और सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

हितग्राहियों को ऋण और योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों को ऋण, स्वीकृति पत्र और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। परिवहन व्यवसाय के लिए 25 लाख रुपये, नमकीन व्यवसाय के लिए 10 लाख रुपये तथा कृषि यंत्रों के लिए 15.30 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया।

इसके अलावा स्व-सहायता समूह को 5 लाख रुपये का सीसीएल, महिला मछुआ सहकारी समितियों को किसान क्रेडिट कार्ड, बेसन प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई के लिए 10 लाख रुपये तथा राइस मिल के लिए 3 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्र और राष्ट्रीय दलहन कार्यक्रम के तहत बीज का हितलाभ भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, उप संचालक कृषि आर.एस. गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Share:

Leave a Comment