enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जनसुनवाई में 273 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई में 273 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के निर्देश

गेंदलाल को व्हीलचेयर और सुनील को बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश, मौके पर हुआ आवेदन का निराकरण

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 273 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण संभव न हो अथवा आवेदन निरस्त किया जाए, उसमें कारण स्पष्ट रूप से आवेदक को बताया जाए।जनसुनवाई में मिली दिव्यांगजनों को राहत

जनसुनवाई में ग्राम बरमबाबा, जनपद पंचायत सीधी निवासी दिव्यांग गेंदलाल बहेलिया ने व्हीलचेयर की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि पोलियो के कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती है और दैनिक कार्यों के लिए सहारे की आवश्यकता पड़ती है। उनकी समस्या पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार ग्राम छुही, जनपद पंचायत मझौली निवासी दिव्यांग सुनील सिंह ने बताया कि आने-जाने में कठिनाई होती है। पूर्व में मिली बैसाखी पुरानी होकर टूट गई है, जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित विभाग को बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

दोनों आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से आवेदक संतुष्ट नजर आए। जनसुनवाई में ही समस्याओं के समाधान की पहल से उन्हें राहत मिली।जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को विभिन्न आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रही। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment